कांगड़ा। एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने दिवाली पर पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल के लिए आदेश जारी किए हैं। उपमंडल में केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री होगी। इसके लिए नगर परिषद मैदान कांगड़ा, गगल में नए पंचायत भवन के पास हर-हर महादेव मैदान और मटौर में बाबा जति दास गुरुद्वारा साहिब मेला मैदान निर्धारित किए गए हैं। पटाखों की बिक्री सुबह 10 से रात 8 बजे तक होगी, जबकि चलाने की अनुमति रात 8 से 10 बजे तक रहेगी। विक्रेताओं को एसडीएम कार्यालय से अनुमति लेनी होगी। नगर परिषद मैदान में स्टॉल लगाने के लिए 4 नवंबर तक आवेदन करना होगा। बाजारों, साइलेंस जोन और ऐतिहासिक धरोहर भवनों के आसपास पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई होगी। पटाखों के कचरे का उचित निस्तारण करने की जिम्मेदारी नगर परिषद और संबंधित पंचायतों को सौंपी गई है। संवाद