जवाली (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में शिवा प्रोजेक्ट के तहत ऐसे फलदार पौधे लगाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी, जिनसे बेवरेज (पेय पदार्थ) उत्पाद तैयार किए जा सकें। इसके लिए राज्य के बागवानी विभाग और बागवानी मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने बुधवार को वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के पठानकोट स्थित प्लांट का दौरा किया। उन्होंने प्लांट के विभिन्न प्रोडक्शन यूनिटों का निरीक्षण किया और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्लांट में कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस आधारित पेय और वैल्यू-एडेड डेयरी- आधारित पेय जैसे उत्पादों के उत्पादन की प्रक्रिया का अवलोकन किया।