कांगड़ा। भारी बरसात से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग विधायक पवन काजल ने प्रदेश सरकार से की है। उन्हाेंने कहा कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश से समेला सुरंग से घुरकड़ी तक सड़क की हालात खस्ता हो चुकी है। काजल ने कहा कि दशहरे से पहले कांगड़ा शहर ओर शहर को जोड़ने वाले सभी संपर्क सड़क मार्गों की मरम्मत करवाकर चकाचक करवा दिया जाएगा, बशर्ते मौसम साफ होगा। शनिवार को निचली ढुगियारी गांव से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा करते हुए पवन काजल ने कहा कि अगर सरकार ने सड़कों की मरम्मत को बजट स्वीकृत नहीं किया तो वह विधायक निधि से राशि खर्च कर सड़कों की मरम्मत करवाएंगे। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई है। जिला कांगड़ा की सबसे बड़ी तहसील कांगड़ा होने के बावजूद सरकार पिछले लंबे समय से यहां पर स्थायी तहसीलदार, नायब तहसीलदार की नियुक्ति करने में नाकाम रही है। काजल ने प्रदेश सरकार पर विधानसभा में गलत आंकड़े प्रस्तुत कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। इस मौके पर चमेल सिंह, ईश्वर दास, ज्योति देवी, प्रवीण कुमारी, रक्षित, कमलेश कुमारी, सुनीता, रीना और जयंती मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार उपस्थित रहे।