पालमपुर (कांगड़ा)। फसल की बुवाई से लेकर कटाई के 15 दिन बाद तक यदि प्राकृतिक कारणों जैसे सूखा, ओलावृष्टि, बाढ़, जलभराव या बिजली से फसलों को नुकसान होता है तो उसकी भरपाई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत की जाती है। योजना के मुताबिक यदि प्राकृतिक आपदा के कारण गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो जाए तो किसानों को 2400 रुपये प्रति कनाल और जौ की फसल के लिए 2000 रुपये प्रति कनाल मुआवजा दिया जाता है। आंशिक नुकसान की स्थिति में मुआवजा नुकसान के अनुपात में प्रदान किया जाता है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड वाले ऋणी किसानों की फसलों का बीमा संबंधित बैंक की ओर से स्वतः कर दिया जाता है। अन्य किसान किसी भी लोकमित्र केंद्र पर जाकर अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। लोकमित्र केंद्र में बीमा करवाने के लिए किसानों को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक का पहला पन्ना और जमीन का पर्चा/ततीमा साथ लाना आवश्यक है। फसलों का प्रीमियम गेहूं 36 रुपये प्रति कनाल जबकि जौ की फसल का 30 रुपये प्रति कनाल के हिसाब से होता है। डॉ. धीमान ने किसानों से आग्रह किया है कि वे 15 दिसंबर तक गेहूं और जौ की फसल का बीमा अवश्य करवा लें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या कृषि विभाग द्वारा अधिकृत कंपनी क्षेमा जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड के जिला समन्वयक विजय कुमार (मो. 9816803555) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी की निशुल्क हेल्पलाइन 1800-572-3013 तथा कृषि रक्षक पोर्टल के टोल-फ्री नंबर 14447 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। संवाद