धर्मशाला में आई एम ए के निशुल्क चिकित्सा शिविर में मरीजों की जांच करते हुए डॉक्टर कविता ठाकुर।
धर्मशाला। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) धर्मशाला की ओर से प्रत्येक रविवार को संचालित की जा रही मातृ-पितृ सेवा ओपीडी में इस बार 38 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निशुल्क परामर्श और उपचार का लाभ लिया। इस ओपीडी का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को छुट्टी वाले दिन भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।इस दौरान बाल रोग विशेषज्ञ एवं आईएमए धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सीएस राठौर, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कविता ठाकुर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति साहा, सर्जन डॉ. अंकित शुक्ला और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल भारद्वाज ने मरीजों की जांच की। डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच और समय रहते बीमारी की पहचान करने से कई गंभीर रोगों और चिकित्सा जटिलताओं से आसानी से बचा जा सकता है। ब्यूरो