धर्मशाला। जिला कांगड़ा में भैयादूज पर महिलाओं ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाया। निगम की ओर से यह सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रदान की गई। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजन जम्वाल ने बताया कि भैयादूज पर महिलाओं के लिए फ्री बस सुविधा प्रदान की गई। विशेष बसों का प्रावधान नहीं किया जाता। यह छूट दैनिक रूटों के लिए प्रदान की जाती है। वहीं दीपावली पर काम पर लौटने वाले यात्रियों के लिए बुधवार को भी निगम की ओर से स्पेशल बसों की सुविधा प्रदान की गई। बुधवार को धर्मशाला बस स्टैंड से बद्दी के लिए दो और चंडीगढ़ के यात्रियों के लिए एक स्पेशल बस की सुविधा प्रदान की गई। दिल्ली के यात्रियों के लिए भी शाम को वॉल्वो बस का प्रावधान किया गया।