शाहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना के तहत सीआईए (क्राइम इन्वेस्टीगेशन एजेंसी) की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बीती देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव रैत में खड़ी एक पिकअप गाड़ी से 1 किलो 700 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। इस मामले में गाड़ी में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान विपिन कुमार (34) और राम लोक (32) निवासी गांव धर्मेड, डाकघर झटिंगरी, तहसील पधर व जिला मंडी जबकि शम्मी धीमान (42) निवासी गांव धन, डाकघर मतलाहड़, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा और कुशल धीमान (31) पुत्र निवासी क्यारी, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए कार्यवाहक थाना इंचार्ज शाहपुर एएसआई विपिन चंदेल ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह चरस कहां से लाई गई थी। संवाद