बैजनाथ (कांगड़ा)। क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीवी मशीन से सेहल गांव के समीप खड्ड को जाने वाले रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी आदित्य ठाकुर की अगुवाई में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गत माह वन विभाग ने खनन करनेवालों के विरुद्ध कार्रवाई की थी, लेकिन उसके बाद भी खनन माफिया सक्रिय था।
अब वन विभाग के अधिकारियों ने इन स्थानों पर जाने वाले रास्तों को ही बंद कर दिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी आदित्य ठाकुर ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए रास्तों को बंद कर दिया गया है और भविष्य में खनन करने वाले लोगों के विरोध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, दूसरी तरफ लोगों का कहना है कि उपमंडल के अन्य स्थानों पर भी करो पर रास्ते बनाए गए हैं और वन विभाग और प्रशासन को इस पर भी कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।