नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। कोरोना वायरस के चलते बाहरी राज्यों के वाहनों की प्रदेश में आने पर रोक से मछली कारोबार पर भी असर दिख रहा है। पौंग बांध से बाहरी राज्यों चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर आदि में मछली की सप्लाई होती है, लेकिन कोरोना वायरस के चलते इन राज्यों में अधिकतर होटल, ढाबे और मंडियां बंद हो गई हैं। इस कारण मछली की बिक्री नहीं हो रही है। मछली सोसायटियों के ठेकेदारों ने मत्स्य विभाग और प्रदेश सरकार से पौंग बांध में भी 31 मार्च तक मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। आवाजाही के साधन न होने के कारण नगरोटा सूरियां में ठेकेदारों के पास बहुत मछली इकट्ठी हो रही है, जिससे ठेकेदार डूबने के कगार पर पहुंच चुके हैं। ठेकेदारों ओम प्रकाश, मानसिंह, चमन लाल, पप्पू, करतार सिंह, अशोक कुमार, जसवंत सिंह, रक्षपाल सिंह आदि ने सरकार और विभाग से मांग की है कि तुरंत पौंग झील से फिशरी सोसायटी को आदेश देकर झील में मछली के शिकार पर 31 मार्च तक रोक लगाई जाए। उधर, मत्स्य विभाग के निदेशक एसपी मेहता ने कहा कि इसमें उनका कोई भी हस्तक्षेप नहीं होता है यह मामला ठेकेदार और मछुआरों के बीच का होता है। अगर सोसायटी और ठेकेदार में कोई सहमति बनती है या सरकार के आदेश हों, तो तत्काल अमल करवाएंगे। कोरोना वायरस के चलते ठेकेदार और सोसायटी के मछुवारे आपस में ऐसा समझौता कर लेते हैं तो विभाग को कोई भी आपत्ति नहीं होगी।