धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के खेल परिसर वार्ड में नियमों को ताक पर रखकर खड्ड के किनारे खोदाई करने और लोक निर्माण विभाग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में एक ठेकेदार के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। शहर में एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग को मामले की गहन जांच करने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विभाग के अधिशासी अभियंता चंद्र शेखर ने बताया कि विभाग द्वारा की गई जांच में पाया गया कि ठेकेदार ने नियमों की घोर अवहेलना की है। विभागीय रिपोर्ट में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई गई। ब्यूरो