धर्मशाला। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांगड़ा वैली कार्निवल के नाम पर धन की उगाही को गलत करार दिया है। सुधीर ने धर्मशाला से जारी प्रेस बयान में कहा कि एक तरफ पूरा प्रदेश आपदा से जूझ रहा है और प्रदेश में डिजास्टर एक्ट लगा है। ऐसे समय में लोगों से पैसे उगाहकर जश्न मनाना गलत बात है। सुधीर शर्मा ने कहा कि व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, एलपीजी एजेंसियों, आटा-चावल मिलों और ईंट-भट्ठा मालिकों से ऐसे समय योगदान मांगा जा रहा है, जब व्यापार का भट्ठा बैठा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह भी पता चला है कि कांग्रेस सरकार के नेताओं के निर्देशों पर पंचायतों से भी पैसा मांगा जा रहा है। पंचायतों में मनरेगा के कच्चे और पक्के काम ठप पड़े हैं। अन्य विभागों से मिलने वाली ग्रांट भी बंद है। ऐसे में पंचायतें कहां से पैसा देंगी। शर्मा ने कहा कि यह कोई सांस्कृतिक सहयोग नहीं, बल्कि सरकारी ठप्पे के साथ जबरन वसूली है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को उगाही के लिए मजबूर किया जा रहा है, भाजपा उनके साथ खड़ी है। अन्याय सहन नहीं होगा। किसी से जबरन वसूली हुई तो भाजपा आंदोलन करने पर मजबूर होगी। ब्यूरो