कांगड़ा। विकास खंड कांगड़ा की सलाेल पंचायत में फेंके गए सरकारी सीमेंट मामले में संबंधित विभाग एक माह बाद भी खाली हाथ है। संबंधित विभाग आज दिन यह पता नहीं लगा पाया है कि आखिर पंचायत में सरकारी सीमेंट के लगभग 120 बैग किसने फेंके। हालांकि पूर्व में रहे खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार ने इस मामले की छानबीन के लिए एक टीम गठित की गई थी। दाे सदस्यीय टीम में पंचायत इंस्पेक्टर और जेई माैजूद थे। टीम की ओर से 6 मई काे माैके पर जाकर फेंके गए सीमेंट के संबंध में छानबीन की थी, मगर उसमें भी अभी कुछ हाथ नहीं लग पाया है। उधर, ,विकास खंड कांगड़ा के पंचायत इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कहा कि घटनास्थल पर एक बार फिर से जाना पड़ेगा, उसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हाे पाएगी कि पंचायत के नाले में सरकारी सीमेंट किसने फेंका है।