ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के ब्लॉक खुंड़ियां की ग्राम पंचायत घरना के गांव अम्बकण, डडूरु, थड्डा ब बदेहड़ के ग्रामीणों ने तहसीलदार खुंड़ियां के माध्यम से चुनाव आयोग हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन प्रेषित किया। गांववासियों जगदीश, सरवन कुमार, संजय कुमार, जसवंत सिंह, पूर्ण चंद, ओम प्रकाश, चंचला देवी, रीता देवी, उषा देवी, सुमना कुमारी, विमला देवी आदि ने कहा है कि उनकी ग्राम पंचायत घरना है। इस पंचायत का मनमर्जी से विभाजन कर दिया गया व नई ग्राम पंचायत छिलंगा का गठन कर दिया गया। इसकी दूरी मौजूदा ग्राम पंचायत से मात्र 2 किलोमीटर है व उपरोक्त गांव जो पहाड़ी के पीछे स्थित हैं वहां से नई ग्राम पंचायत की दूरी सड़क से करीब 17 किलोमीटर है। पंचायत विभाजन में उनके गांवों की दुर्लभ भौगोलिक स्थिति का ध्यान नहीं रखा गया और न ही उनसे विचार-विमर्श किया गया। गांव थड्डा व बदेहड़ ग्राम पंचायत घरना में जबकि अंबकण ब डडुरु नई ग्राम पंचायत छिलंगा में डाल दिए गए हैं। इस विभाजन के विरोध में गांववासियों ने 25 नवंबर 2020 को हाईकोर्ट और 3 जनवरी 2021 को कार्यालय जिलाधीश कांगड़ा व कार्यालय एसडीएम ज्वालामुखी में भी शिकायत पत्र दिया है। इन कारणों के चलते गांववासी ग्राम पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे। कोई भी व्यक्ति प्रधान, उपप्रधान, वार्ड पंच का चुनाव नहीं लड़ेगा। लगभग 50 से अधिक गांववासियों ने तहसीलदार खुंड़ियां को ज्ञापन सौंपकर चुनावों का बहिष्कार करने का ऐलान किया।