धर्मशाला। भारत निर्वाचन आयोग की 10 सदस्यीय टीम ने अभिषेक अग्रहरि के नेतृत्व में शनिवार को जिला के दुर्गम मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर दुर्गम क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों का आकलन किया। टीम ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते दुर्गम मतदान केंद्रों सुक्खूघाट, मनोह और बोध सारना आदि मतदान केंद्रों को जांचा। ये मतदान केंद्र राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से चुनौती पूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किए हैं। निरीक्षण के दौरान टीम ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली प्रशासनिक और लॉजिस्टिक चुनौतियों की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।