गंगथ (कांगड़ा)। क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री क्यालू बाबा महाराज चार दिवसीय महादंगल के दूसरे दिन महिला पहलवानों के मुकाबले हुए। इसमें पहली झंडी के मुकाबलों में दिल्ली की दिव्या काकरन और सोनीपत की काजल को संयुक्त रूप से कार इनाम में दी। दूसरी झंडी के मुकाबले में हरियाणा की तनु और हमीरपुर की कीर्तिका को संयुक्त रूप से बाइक इनाम में दी गई। वहीं, दंगल में भाग लेने वाली अन्य महिला पहलवानों को मेला कमेटी की ओर से गागरें देकर सम्मानित किया। मंगलवार को दंगल में विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया मुख्यातिथि और मलेंद्र राजन विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर एसडीएम सुरिंद्र ठाकुर, तहसीलदार अमनदीप, दंगल कमेटी प्रधान राजेश भल्ला, मदोली छिंज कमेटी प्रधान जर्म सिंह ठाकुर और पौंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।