जिला स्तरीय नागनी मेले के दौरान माता के दरबार में झंडा चढ़ाते हुए मुख्यातिथि हेमराज बैरवा।
नूरपुर (कांगड़ा)। श्रावण और भाद्र मास में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध नागनी माता मेले का शुभारंभ शनिवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ नागनी पंचायत के भडवार में हुआ। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने शोभायात्रा की अगुवाई की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेले में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नाट्य इकाई के कलाकारों के साथ अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक होने के साथ-साथ हमारी आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने मंदिर के सौंदर्यकरण तथा विकास के लिए नागनी मंदिर कमेटी के प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि मंदिर के गेट के साथ फोरलेन निर्माण कार्य प्रगति पर है और बरसात के कारण यहां पानी तथा कीचड़ की वजह से जनमानस और दुकानदारों को असुविधा न हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समय रहते उचित कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए नूरपुर प्रशासन, मंदिर कमेटी तथा ग्राम पंचायत नागनी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनके बेहतर तालमेल और सयुंक्त प्रयासों से ही इस उत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सका है। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना भी की। इससे पहले मंदिर कमेटी के सदस्यों ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। एसडीएम गुरसिमर सिंह, डीएफओ अमित शर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी, नायब तहसीलदार सदवां ज्ञान चंद, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार, स्थानीय पंचायत प्रधान राजबंत कौर, मंदिर कमेटी के विशाल कटोच और प्रीतम सिंह आदि उपस्थित रहे।