इलाके के टावरों से मोबाइल लोकेशन खंगालने में जुटी
एसपी ने किया घटनास्थल का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा क्षेत्र के गदियाड़ा में वीरवार को हुई महिला की हत्या के मामले में अभी तक कातिल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। पुलिस कातिल की तलाश में हर तथ्य की बारीकी से जांच में जुटी है। एसपी कांगड़ा ने शनिवार को मौका कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। महिला के परिजनों ने भी अभी तक किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। सुलह विधानसभा क्षेत्र के रंझू इलाके की पंचायत गदियाड़ा की वार्ड दो नलोट की महिला कुसुम देवी (50) का वीरवार शाम को किसी ने तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। महिला का शव सड़क के पास ही बरामद किया था। इस मामले में शनिवार को एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने गदियाड़ा पंचायत में जाकर घटनास्थल का मुआयना किया। इसे लेकर उन्होंने पुलिस को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सुनसान इलाका होने से यहां पर कोई सीसीटीवी कैमरा आसपास नहीं है। इससे भी पुलिस को कातिल तक पहुंचने में काफी परेशानी हो रही है, जबकि पुलिस इलाके के आसपास लगे मोबाइल टावरों से मोबाइल लोकेशन भी खंगाल रही है। महिला के गले में किए तेजदार हथियार से वार को देख कर इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। थाना प्रभारी भवारना केहर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर तथ्य की बारीकी से जांच कर रही है।