राजा का तालाब (कांगड़ा)। हिमाचल विधानसभा के 2027 के चुनाव को अभी काफी समय है लेकिन विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर में अभी से हलचल शुरू हो गई है। वीरवार को फतेहपुर के पूर्व विधायक डॉ. राजन सुशांत ने अपने निवास स्थान देहरी में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उनका बेटा धैर्य सुशांत भाजपा की सीट पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि बीमारी के कारण वह कुछ समय से अपने विधानसभा क्षेत्र से दूर रहे हैं लेकिन अब पूर्णतः स्वस्थ हैं। 2009 से भाजपा के लिए विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की सीट जीतना टेड़ी खीर साबित हो रहा है। डाॅ. सुशांत के बाद पार्टी ने इस हॉट सीट पर लगातार नए प्रत्याशी देकर प्रयोग किए हैं लेकिन पार्टी को हर बार नाकामी ही हाथ लगी है। 2009 से लगातार कांग्रेस इस सीट पर कब्जा जमाए हुए है। 2021 में पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया की मौत के बाद रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में उनके बेटे भवानी सिंह पठानिया ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपनी पहली जीत दर्ज की थी। वहीं दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से भवानी सिंह पठानिया ने फतेहपुर की हॉट सीट पर कब्जा जमाकर सिद्ध कर दिया कि फिलहाल कांग्रेस को यहां से हटाना मुश्किल है।