राजा का तालाब बाजार में बेतरतीब ढंग से पार्क वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। बाजार में वाहन आड़े-तिरछे पार्क होते हैं। इससे जाम लग जाता है। बस में सफर कर रहे यात्रियों समेत राहगीरों को परेशानी आती है।
पुलिस की चेतावनी को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। यहां येलो लाइन का न होना पुलिस के लिए सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग व पुलिस से इस दिशा में कड़े कदम उठाने की मांग की है।
राजा का तालाब में दुकानदार सड़कों पर दुकान सजा देते हैं। इससे दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। पांच फरवरी को बाजार में तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसकी वजह भी बेतरतीब पार्किंग बनी।
लोगों ने यहां पर येलो लाइन लगाने की भी मांग की है। रैहन चौकी प्रभारी राजेश द्विवेदी ने कहा कि वाहनों की बेतरतीब पार्किंग समस्या है। बाजार में दुकान सजाना भी चिंतनीय है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया कि वह पुलिस के साथ सहयोग करके येलो लाइन लगाने में मदद करे।