धर्मशाला। नगरोटा सूरियां कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कृषि मंत्री चंद्र कुमार से उनके निवास स्थल ज्वाली में मिला। नगरोटा सूरियां के खंड विकास अधिकारी के कार्यालय को जवाली स्थानांतरित करने के विषय पर चर्चा की गई और रोष प्रकट किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से ऐसी कोई भी नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई है। मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र की दस पंचायतों को जो नगरोटा सूरियां खंड कार्यालय से जुड़ी थीं, को देहरा विकास खंड में स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि यह विकास खंड नगरोटा सूरियां में ही रहेगा और शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं है। वहीं, नगरोटा सूरियां में बस अड्डे पर हुए कब्जों को खाली करवाने की बात पर चंद्र कुमार ने कहा कि बस अड्डा नगरोटा सूरियां खाली होने पर सरकार एक नीति बनाएगी और मार्केट कैंपस बनाकर जो उजड़ेंगे, उनको अलॉट करने में प्राथमिकता देंगे। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री डॉ. गुलशन कुमार, बीना धीमान, गुरुदेव भारती, प्रो. सुभाषना भारती आदि उपस्थित रहे।