लंबागांब (कांगड़ा)। लंबागांव खंड की हारसी पंचायत में वीरवार देर रात हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हारसी के राजेश कुमार पुत्र तितर राम वीरवार देर रात अपने घर की ओर जा रहे थे। इस दौरान एक युवक के साथ उनकी बहसबाजी हो गई। जो कि बाद में मारपीट में बदल गई।
आरोपी युवक ने राजेश कुमार को डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह बेसुध हो गया। राजेश कुमार को जयसिंहपुर के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत और शरीर में पड़े घावों को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। लंबागांव पुलिस ने शुक्रवार को टांडा जाकर राजेश कुमार की पत्नी के बयान कलमबद्ध करके आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एसएचओ प्रेमपाल शर्मा ने की है।