शाहपुर (कांगड़ा)। एनएच-154 पर सीनियर सेकेंडरी स्कूल रैत के मोड़ से चंबी की तरफ 500 मीटर की दूरी पर हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई है, जबकि चालक को हल्की चोटें आई हैं। स्कूटी चालक मुनीष निवासी नेरटी पंचायत चूड़था गांव रैत से चंबी की ओर जा रहा था। इस दौरान उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और निजी बस नंबर एचपी 68-0614 के साथ टक्कर हो गई। बस पालमपुर से भरमौर जा रही थी। दुर्घटना में स्कूटी पर सवार राहुल (20) निवासी चूड़था तहसील शाहपुर की मौत हो गई, जबकि चालक मुनीष (19) को हल्की चोटें आई हैं। उधर, पुलिस थाना शाहपुर के प्रभारी हेमराज शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मृतक का धर्मशाला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।