देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के तहत गांव स्वाणा के जंगल (शीतला माता मंदिर के निकट) में पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया है। शव काफी गल सड़ चुका है। जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है तथा जांच जारी है। जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव स्वाणा निवासी प्रीतम सिंह घास लेने के लिए जंगल गया हुआ था। अचानक उसने एक पेड़ के नीचे एक शव देखा। उसने इसकी जानकारी स्वाणा के प्रधान को दी।
प्रधान सुरेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी थाना देहरा के तहत डाडासीबा पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का मुआयना किया। पांच फीट छह इंच के व्यक्ति का शव काफी गल सड़ चुका था। इसलिए उसकी पहचान करना काफी मुश्किल था। पुलिस ने शव के पास एक बैग पड़ा मिला। इसमें पुलिस को दो जहरीली (सल्फास) ट्यूब मिली हैं। साथ ही एक पानी जैसा पदार्थ मिला है। साथ ही शव के पास एचआरटीसी बस का टिकट मिला है। जो होशियारपुर से चिंतपूर्णी के लिए 5 मई का काटा गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव काफी गल सड़ चुका है। इससे उसकी पहचान करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।