जसूर(कांगड़ा)। नूरपुर के चौगान स्थित बस स्टैंड में बीते सप्ताह से रात्रि में अंधेरा पसरा रहता है। जानकारी के अनुुसार बीते सप्ताह आसमानी बिजली गिरने से इस परिसर की बिजली गुल हो गई थी। लेकिन करीब एक सप्ताह बीत जाने के बाद इसे दुरुस्त नहीं किए जाने के कारण यहां बसों से उतरने और चढ़ने वाले यात्रियों को रात्रि के समय समस्या का सामना करना पड़ता है।
कैप्टन शिव कुमार, लोकेश कुमार, दीपक पठानिया, उमेश महाजन, विजय सिंह, कुलविंद्र सिंह आदि ने बताया कि यहां एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी बिजली को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। इससे रात्रि के समय यहां यात्री ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से गुहार लगाई है कि शीघ्र इस समस्या का निपटारा किया जाए। उधर, पथ परिवहन डिपो पठानकोट के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष रनोत्रा ने बताया कि आसमानी बिजली गिरने के कारण बस स्टैंड परिसर में स्थित बिजली उपकरण खराब हो गए हैं। इनकी मरम्मत करने की कोशिश की जा रही है तथा आगामी एक-दो दिन में ठीक कर दिया जाएगा।