धर्मशाला। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की पंचायत रक्कड़ का बाग में बिजली गिरने से दो घरों, एक गोशाला और पेड़ों को भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही कई घरों के बिजली के उपकरणों सहित खड़ी कारों की बैटरियों को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार आशा देवी, गुरबचन और विनोद कुमार के घरों और गोशाला की दीवारें फट गईं और उनमें में खड्डे पड़ गए।
आशा देवी के घर के अंदर एक कमरे में स्विच बोर्ड और पर्दों को आग लग गई। गनीमत यह रही कि उसी कमरे में सो रही बच्ची को उसकी मां ने भारी गर्जन के कारण कुछ क्षण पहले ही वहां से उठा कर दूसरे कमरे में सुलाया था। अन्य ग्रामीणों संजय कुमार और मोहिंद्र गोस्वामी के भवनों और विद्युत उपकरणों को भी क्षति हुई है। स्थानीय पंचायत प्रधान और उपप्रधान सुरेंद्र सिंह, बबीता देवी घटना स्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना स्थानीय राजस्व कर्मी को दी। स्थानीय पंचायत और लोगों ने सरकार से प्रभावितों की यथासंभव सहायता की अपील की है।