थुरल (कांगड़ा)। भ्रांता पंचायत के गांव पंजलेहड़ में सोमवार दोपहर बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जहर खाने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक पंजलेहड़ गांव का आशीष शर्मा (26) सोमवार को अपने घर में अकेला था। इस दौरान उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। वह चिल्लाने लगा और उलटियां करने लगा, तो पड़ोसियों ने उसे थुरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गांव वालों ने इसकी सूचना उसके माता-पिता और पत्नी को फोन पर दी। आशीष के माता-पिता किसी काम के लिए रिश्तेदारों के यहां गए थे। उसकी पत्नी निजी स्कूल में अध्यापिका है। एक साल की एक लड़की है। आशीष दिहाड़ी मजदूरी करता है। पुलिस चौकी प्रभारी जगदीश चंद ने बताया कि आशीष को गंभीर अवस्था में थुरल अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है। आशीष बेहोशी की हालत में है और बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।