अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला।
पुलिस थाना धर्मशाला के तहत खनियारा के खड़ोता में देर रात एक कार लगभग 150 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में लेफ्टिनेंट समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कर्मचारी सहित तीन लोग घायल हुए हैं। हादसा देर रात लगभग सवा एक बजे हुआ। घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त खड़ोता में घूमने के लिए गए थे। वहां से धर्मशाला लौटते वक्त खड़ोता से कुछ ही दूरी पर कार खाई में गिर गई।
खनियारा-खड़ोता सड़क पर हुए हादसे में मृतकों की पहचान अभिनव कुमार पुत्र अशोक कुमार और मुनीष कुमार पुत्र ईश्वरदास निवासी सिहुंता (चंबा) के रूप में हुई है। घायलों में कमलेश कुमार पुत्र ठाकर चंद निवासी हियून तहसील पधर (मंडी), सूर्या चौहान पुत्र पवन कुमार और अमित कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी सिहुंता (चंबा) शामिल हैं। गंभीर हालत के चलते अमित कुमार को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाद में यहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
मुनीष वर्मा सेना में लेफ्टिनेंट थे और सिक्किम में सेवाएं दे रहे थे। अभिनव कुमार ने एनआईटी हमीरपुर से इसी वर्ष पढ़ाई पूरी की थी। घायल कमलेश कुमार पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और धर्मशाला जेल में सेवाएं दे रहे हैं। सूर्या चौहान केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से पढ़ाई कर रहे हैं। अमित कुमार भी चंबा में पढ़ाई करते हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. रमेश छाजटा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
--