थुरल (कांगड़ा)। बिजली बोर्ड ने घरेलू बिजली के कनेक्शनों से चलाई जा रही आटा चक्की संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। बिजली बोर्ड ने दो आटा चक्कियों के कनेक्शन काट दिए हैं। साथ ही 15 दिन के अंदर आटा चक्की संचालकों को कामर्शियल कनेक्शन लेने के आदेश दिए हैं। बिजली बोर्ड को इस संबंध में शिकायत मिली थी। वहीं, अमर उजाला ने 18 अगस्त के संस्करण में इस मामले को प्रमुखता के साथ उठाया था।
बिजली बोर्ड को पवन कुमार पुत्र मंगतराम गांव टंबर और राजेश कुमार पुत्र शेर सिंह के खिलाफ शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने पर बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने टंबर का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर पाया कि घरेलू बिजली के कनेक्शनों के साथ आटा चक्कियां चलाई जा रही हैं। अधिकारियों ने निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय में सौंपी थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर इनके खिलाफ कार्रवाई हुई है। उधर, बिजली बोर्ड के थुरल सहायक अभियंता लालचंद परमार ने बताया कि बोर्ड ने दोनों आटा चक्की मालिकों को कार्यालय में पेश होने के आदेश दिए थे। साथ ही 15 दिन के अंदर अपने बिजली के व्यावसायिक कनेक्शन लेने के भी आदेश दिए हैं। ऐसा न होने पर उनकी आटा चक्की मशीनों को जब्त करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।