रक्कड़ के बसालग गांव में दिनदहाड़े चोरी, नकदी उड़ाई
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर तीन घंटे में पकड़े चोर
नकदी सहित ताला तोड़ने में इस्तेमाल रॉड भी बरामद की
अमर उजाला ब्यूरो
रक्कड़ (कांगड़ा)। क्षेत्र की चौली पंचायत के गांव बसालग में चोरों ने एक घर में दिनदहाड़े ताला तोड़ कर नकदी चोरी कर ली। वहीं, चोरी की भनक लगते ही रक्कड़ पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चोरों को तीन घंटे के भीतर ही घेराबंदी कर गांव से करीब चार किलोमीटर दूर पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार दिनदहाड़े हुई इस वारदात के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। ऐसे में चोर जोगिंद्रपाल के मकान की दूसरी मंजिल में बने कमरे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी में पड़ी नकदी पर हाथ साफ कर गए। इसी दौरान जब घर से बाहर अपने किसी कार्य को निपटाकर जोगिंद्रपाल वापस आए तो उन्हें घर के अंदर आता देख चोर दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर भाग गए। इस दौरान जोगिंद्रपाल के शोर मचाने पर गांववासी इकट्ठा हो गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना रक्कड़ में दी गई। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी रक्कड़ सुशील कुमार के नेतृत्व में तुरंत मौके पर पहुंची टीम ने इलाके की घेराबंदी की और कुछ ही समय में इन चोरों को कालेश्वर के समीप दबोच लिया। घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों में दो युवक कमल (35), चंदन (35) और महिला सलीना (40) शामिल हैं जो गगल (कांगड़ा) के बताए जा रहे हैं। वहीं चोरों की ओर से लूटी गई नकदी भी बरामद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।