लोहे का गार्डर से टकराने से स्कूटी सवार युवक की मौत
डमटाल में गार्डर उठाकर एनएच क्रॉस कर रहे थे मजदूर
गार्डर उठाकर ले जा रहे मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कंडवाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जालंधर एनएच पर डमटाल के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार डमटाल में एक स्टील शॉप पर काम करने वाले दो मजदूर लगभग 25 फीट लंबा लोहे का गार्डर लेकर एनएच क्रॉस कर रहे थे। उसी दौरान दो स्कूटी सवार युवक एनएच से गुजर रहे थे। अचानक सड़क पर लोहे का गॉर्डर लेकर मजदूरों को जाते देख स्कूटी चालक ने अपना सिर एकदम झुका लिया, लेकिन पीछे बैठे युवक को सिर झुकाने का मौका ही नहीं मिला। इस कारण लोहे का गार्डर पीछे बैठे युवक से टकरा गया और युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डमटाल निवासी शिवा (19) पुत्र कालू राम के रूप में हुई है, जो जमा दो कक्षा की पढ़ाई करता है। उधर, हादसे की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गार्डर उठाकर ले जा रहे मजदूर नंदी लाल निवासी सतना और सूरज निवासी पन्ना मध्य प्रदेश के खिलाफ मामला दर्ज गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि स्थानीय कारोबारी ने हादसे के बाद तुरंत शिवा को उठाकर नूरपुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।