घनेट में सिलिंडर फटने से उड़ी घर की छत
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल की पंचायत घनेटा मेें रसोई गैस सिलिंडर फटने से एक घर को भारी नुकसान हुआ है। सिलिंडर के धमाके से मकान की छत उड़ गई। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन निर्धन परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी। जानकारी के अनुसार पंचायत घनेटा के गांव वरैंकड़ में शाम करीब सात बजे घर में रखा हुआ सिलिंडर फट गया। इससे घर की छत पूरी तरह उड़ गई, जबकि घर को भारी नुकसान हुआ। घर के मालिक अशोक कुमार ने बताया कि अभी उसने दो दिन पहले ही सिलिंडर को भरवाया था। उधर, पंचायत प्रधान पवन कपूर ने बताया कि सिलिंडर फटने की सूचना उन्हें दी गई थी। उन्होंने घटनास्थल का दौरा किया है। मकान को भारी नुकसान हुआ है। इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गई है।