बिना कागज सरकारी सीमेंट के साथ पकड़ा जीप चालक
शाहपुर (कांगड़ा)। उपमंडल मुख्यालय में पुलिस ने नाके के दौरान एक जीप से सरकारी सीमेंट के पांच बैग बरामद किए हैं। पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ बिना इंडेंट और कागजात के सरकारी सीमेंट के बैग ले जाने पर मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार उपमंडल की सदु पंचायत के कुरेला वार्ड में चैक डेम का काम चला हुआ है। जीप चालक ने इसी काम के लिए पंचायत के स्टोर के लिए 45 सीमेंट बैग लोड किए, लेकिन कार्य स्थल पर 40 बैग ही उतरे। पांच बैग पंचायत प्रधान की मौजूदगी में लेकर जीप चालक अपने पुहाड़ा गांव के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में पुलिस ने नाके के दौरान पकड़ लिया। उधर, थाना प्रभारी गंभीर चंद ने कहा कि पुलिस ने जीप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में जो भी व्यक्ति शामिल होगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।