ज्वालामुखी में बिजली गिरने से 4 युवक झुलसे
मैदान में घूम रहे थे, एक टांडा अस्पताल रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी में आसमानी बिजली गिरने से चार युवक घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 4:45 बजे यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक खुले मैदान में घूम रहे थे कि अचानक आम के पेड़ के पास बिजली गिर गई, बिजली की चपेट में आने से युवक भी घायल हो गए। बिजली आम के पेड़ की जगह सीधी युवकों पर गिरती तो यहां बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ज्वालामुखी पहुंचाया गया। वहां पर ड्यूटी पर तैनात डॉ. पवन शर्मा घायलों को प्राथमिक उपचार किया और एक की हालत गंभीर होने की स्थिति में उसे टांडा रेफर कर दिया गया। वहीं, पूर्व विधायक संजय रतन भी घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अस्पताल पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम पूछा और प्रशासन को घायलों की हरसंभव मदद करने को कहा। हादसे के बाद अस्पताल खुद पहुंचकर डीएसपी ज्वालामुखी योगेश दत्त जोशी ने चारों घायलों के बयान कमलबद्ध किए। वहीं, तहसीलदार ज्वालामुखी वेद प्रकाश अग्निहोत्री ने सभी घायलों को फौरी राहत के तौर पर तीन घायलों को एक एक हजार और गंभीर रूप से घायल एक युवक को 10 हजार की फौरी राहत दी। घायलों की पहचान रणजीत (41) पुत्र राज कुमार निवासी सौद खुर्द, मनीष कुमार उम्र 21 पुत्र राज कुमार निवासी ढार लाहड़ू, रोहित कुमार उम्र 19 पुत्र राज कुमार ढार लाहड़ू और दिनेश कुमार उम्र 38 पुत्र होशियार सिंह निवासी ढार लाहड़ू के रूप में हुई है।