बैजनाथ बाजार में आग से घर का सामान राख
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ बाजार के मध्य में दुकान की ऊपरी मंजिल में आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दोपहर सवा बारह बजे लोगों ने ऊपरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। यह देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। स्थानीय व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल विभाग की टीम ने मौका पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सुरेश सूद के मकान में किराये पर रह रही इंद्रा देवी दोपहर बारह बजे शादी समारोह में गई थीं। उसके कुछ देर बाद ही घर में आग लग गई। आग लगने से घर में रखा अधिकांश सामान जल कर पूरी तरह से नष्ट हो गया। घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बाजार तंग होने पर आग बुझाने के लिए करीब आधा घंटा एनएच पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद की गई।