बल्हभूरियां में दिनदहाड़े आभूषण और नकदी उड़ाए
घर में रखी अलमारी को तोड़ कर दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
थुरल (कांगडा)। ग्राम पंचायत बैरघट्टा के गांव बल्हभूरियां में सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक घर नकदी और आभूषण चुरा लिए। जानकारी के अनुसार बल्हभूरियां गांव की सरोषता देवी पत्नी स्व. नारायण दास ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि सोमवार दोपहर को वह अपने ही गांव में एक समारोह में खाना खाने के लिए गई हुई थी। खाना खाने के बाद करीब तीन बजे घर पहुंची तो देखा कि गेट का दरवाजा खुला पड़ा है और घर के अंदर देखा तो घर के दरवाजे खुले थे और अंदर अलमारियों के ताले तोड़कर सारा सामान उलट-पुलट किया हुआ था। पीड़ित महिला ने बताया कि वह घर में अकेली रहती है, उसके दो बेटे हैं जो बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। इस घटना की सूचना उसने पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस चौकी थुरल को दी। पीड़ित महिला ने बताया कि चोर घर में अलमारी के अंदर रखे 11000 रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चुरा कर ले गए हैं। पुलिस चौकी के प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।