जलने घावों से कराहते रहे मरीज
टांडा एक साथ 22 मरीज पहुंचने से कुछ समय बना अफरातफरी का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। नगरोटा सूरियां में सिलेंडर फटने से हुए हादसे के बाद टांडा कालेज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। हालांकि इमरजेंसी में घायलों के साथ तीमारदारों और अन्य लोगों की भीड़ बढ़ने से स्थिति कुछ समय तक अफरा-तफरी जैसी रही। बावजूद इसके प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से स्थिति पर काबू पाए रखा। उल्लेखनीय है कि नगरोटा सूरियां में सिलिंडर फटने से 22 घायलों को टांडा लाया गया। जहां छह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इन्हें इमरजेंसी में रखा गया है। अन्य घायलों को बर्न वार्ड में दाखिल कर दिया है। टांडा लाए गए सभी घायल जलने के घावों को लेकर कराहते रहे। चिकित्सकों सहित अन्य स्टाफ उनके उपचार में जुटा हुआ है। देर शाम डीसी संदीप कुमार भी घायलों का कुशलक्षेम पूछने पहुंचे।