परागपुर (कांगड़ा)। परागपुर-मूहीं सड़क पर सेवानिवृत्त पुलिस सब इंस्पेक्टर की कार की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम साढ़े छह बजे यशपाल (59) पुत्र चंदू राम निवासी मूहीं परागपुर बाजार से सामान लेकर पैदल अपने घर की तरफ जा रहे थे। अचानक नक्की खड्ड में परागपुर की तरफ से आ रही आल्टो कार ने यशपाल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए देहरा अस्पताल ले जाया गया। यहां से उन्हें टांडा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। यशपाल पुलिस में उपनिरीक्षक के पद से पांच महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस ने कार चालक विनोद कुमार निवासी बणी का मेडिकल करवाया। पुलिस ने यशपाल के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार के सुपुर्द कर दिया। वीरवार को ही उनका अंतिम संस्कार कालेश्वर में किया गया। डीएसपी देहरा एलएम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार को कब्जे में ले लिया है। चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है।