टीसीवी के छात्रावास से बौद्ध भिक्षु लापता
धर्मशाला। तिब्बत चिल्ड्रन विलेज स्कूल में अध्ययनरत एक बौद्ध भिक्षु के लापता होने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन ने मैक्लोडगंज पुलिस थाने में भिक्षु के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार अपर टीसीवी धर्मशाला कैंट के स्टाफ सदस्य सुलत्रिम दोरजे ने शिकायत दर्ज करवाई कि छात्रावास में रहने वाला सिक्किम निवासी बौद्ध भिक्षु कर्मा शांतेन सांग्याल (18) शुक्रवार शाम से लापता है। स्कूल प्रबंधन ने बौद्ध भिक्षु को ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन कहीं पर भी सुराग नहीं मिला है। इसके बाद पुलिस थाना मैक्लोडगंज में स्कूल प्रबंधन ने भिक्षु की गुमशुदगी की शिकायत दी। उधर, एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने कहा कि पुलिस लापता बौद्ध भिक्षु की तलाश कर रही है।