ढलियारा में आग से मकान और पशुशाला राख्र
हादसे के वक्त घर पर नहीं थे परिजन, करीब साढ़े चार लाख नुकसान का अनुमान
रास्ता तंग होने के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका
प्रशासन ने प्रभावित परिवार को 5-5 हजार की फौरी राहत, कंबल और तिरपाल भी दिए
अमर उजाला ब्यूरो
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। थाना देहरा के तहत ग्राम पंचायत ढलियारा के गांव कस्बा कोहासन में एक स्लेटपोश मकान और गोशाला जलकर राख हो गई। आग से करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवार गांव में ही आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था। घर से धुआं देख ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रभावित परिवार के सभी सदस्य गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में गए हुए थे। आगमें कौर चंद पुत्र अजीत सिंह का कच्चा मकान और सत्या देवी की पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई है। बलबंत सिंह, बलदेव सिंह, मस्तान सिंह और रोशन लाल का मकान जलने से पहले ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि लोगों ने देहरा स्थित अग्निशमन विभाग को सूचित किया। लेकिन रास्ता तंग होने के कारण विभाग का वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पानी की बाल्टियां भरकर आग बुझाई। वहीं प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के तौर पर 5-5 हजार रुपये नकद, तिरपाल और कंबल दिए गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एसडीएम देहरा धनवीर ठाकुर और डीएसपी एलएम शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 5-5 हजार, तिरपाल और कंबल दे दिए गए हैं। स्थानीय पटवारी को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।