धर्मशाला। चंडीगढ़ के पुलिस स्टेशन-तीन की टीम ने करोड़ों की ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपियों की तलाश में धर्मशाला में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में वांछित आरोपियों में कथित तौर पर एक नेता का करीबी व्यक्ति भी शामिल है। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ के सेक्टर 8-बी के रहने वाले एक व्यक्ति ने चंडीगढ़ के पुलिस स्टेशन नंबर तीन में शिकायत दर्ज करवाई है कि कुछ लोगों ने इंटरनेट पर फर्जी कंपनी बनाकर उसके साथ 1.22 करोड़ रुपये की ठगी की है। इस मामले के दो मुख्य आरोपियों की तलाश में चंडीगढ़ पुलिस ने बीते 2 अक्तूबर को धर्मशाला में दबिश दी, लेकिन दोनों आरोपी अपने ठिकानों पर नहीं मिले। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के परिजनों को नोटिस देकर दोनों को पुलिस के समक्ष पेश होने को कहा है। वहीं, सदर थाना धर्मशाला के एसएसओ सुनील राणा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस की एक टीम धोखाधड़ी मामले के आरोपियों की तलाश में यहां आई थी, लेकिन अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।