मृत मिली युवती के मामले के आरोपी ने किया समर्पण
कांगड़ा पुलिस ने ऊना पुलिस के किया हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चंबी में मिले ऊना के हरोली के युवती के शव के मामले में फरार चल रहे बैजनाथ निवासी नरेश कुमार पुत्र रघुनाथ ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद ऊना पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस पिछले कुछ दिनों से मामले में जांच कर रही थी और पुलिस की जांच के बाद ही परिजनों के आग्रह पर नरेश ने पुलिस के पास आत्मसमर्पण किया। नरेश कुमार टैक्सी चलाने का कार्य करता है और वर्तमान में कुल्लू के पतलीकूहल में रह रहा था। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी प्रताप ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को ऊना पुलिस के हवाले कर दिया है। मामला ऊना जिला में दर्ज है, इसके चलते अब आगामी कार्रवाई ऊना पुलिस की ओर से की जाएगी।