निफ्ट की छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
कांगड़ा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या के दौरान हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। नगर में शुक्रवार को कांगड़ा उत्सव की सांस्कृतिक संध्या के दौरान निफ्ट की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। उत्सव में चल रहे कार्यक्रम का संस्थान के छात्र इंजॉय कर रहे थे। निफ्ट संस्थान के ये छात्र अपने साथी छात्रों के फैशन शो की प्रस्तुति देखने आए थे। सूचना है कि कार्यक्रम के दौरान मैदान में उत्सव का लुत्फ उठा रहे निफ्ट के ये छात्र एक जगह इकट्ठे खड़े थे। इतने में वहां गोल गप्पे की रेहड़ी लगाए बैठे एक दुकानदार ने निफ्ट की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। ऐसे में मामला भड़क गया। संस्थान के छात्र रेहड़ी वाले की हरकत पर रोष जताने लगे। मामले की सूचना पुलिस को मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस रेहड़ी वाले सुशील कुमार को थाने ले गई। वहां छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस थाना प्रभारी मेहर सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान निफ्ट की एक छात्रा के साथ रेहड़ी वाले ने छेड़छाड़ की। निफ्ट के छात्रों के साथ वहां काफी लोग इकट्ठे हुए थे। पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाल लिया। इस दौरान पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर सुशील कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।