एटीएम कार्ड बदल कर खाते से उड़ाए डेढ़ लाख
मैसेज आने के बाद लगी कार्ड बदलने की भनक
अमर उजाला ब्यूरो
गगल (कांगड़ा)। पंजाब नेशनल बैंक गगल के एटीएम में शातिरों ने एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर उसे डेढ़ लाख का रुपये का चूना लगा दिया। जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर 12 बजे हमीरपुर निवासी मनीष शर्मा, जो गग्गल में ही एक निजी कंपनी में कार्यरत है, वह पीएनबी के एटीएम से पैसे निकालने गया। उस समय उसका एटीएम सही से काम नहीं कर रहा था। इस पर उसने एटीएम कक्ष में ही खड़े दो युवकों में से एक की मदद मांगी। युवक ने एटीएम का इस्तेमाल कर पांच हजार रुपये निकाले और मुनीष शर्मा को दे दिए। इसी दौरान शातिर युवक ने एटीएम कार्ड बदल दिया, जिसके बारे में मुनीष को भनक तक नहीं लगी। इसी रात मुनीष को 1,55000 रुपये निकालने के मैसेज आए। इसे देखकर उसके होश उड़ गए। मुनीष ने इसके बारे में तुरंत पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उधर, गगल थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द मामले में संलिप्त आरोपियों को पकड़ा जाएगा।