खेतों में लगी आग, हरे पेड़ और लकड़ी जलकर राख
राजा का तालाब (कांगड़ा)। राजा का तालाब निवासी सुशील कुमार के खेतों में आग लग गई। इसकी वजह से खेतों में कुछ हरे पेड़ जलकर पूरी तरह से राख हो गए। इसके अलावा काटकर रखी गई तकरीबन दस क्विंटल लकड़ी भी जलकर राख के ढेर में तबदील हो गई। शाम तकरीबन पौने पांच बजे गांव के लोगों ने देखा कि सुशील कुमार के खेतों में आग लग गई है तो उन्होंने इस बाबत जमीन के मालिक और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर जिसके हाथ मे जो कुछ आया वो उसमें घरों से पानी भरकर आग को बुझाने का प्रयास करने लगा। वहीं गांव के लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड ज्वाली को दी। सूचना मिलने के उपरांत ज्वाली से फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर लगभग एक घटे के भीतर पहुंच गई और टीम ने तत्काल पानी की बौछारें डालकर आग पर काबू पा लिया। वहीं, राजा का तालाब के साथ लगते गुरियाल गांव की पहाड़ियां तीन दिन से आग लगी होने की वजह से धधक रही हैं, परंतु आग अभी तक थमने का नाम नहीं ले रही है।