अमर उजाला ब्यूरो
खैरा (कांगड़ा)। पुलिस थाना पंचरुखी के तहत पालमपुर-सुजानपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7 बजे ठंडोल के पास एक कार पलटने से तीन युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कार में सवार तीन युवक खैरा से पाहड़ा की ओर जा रहे थे कि ठंडोल में गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से सड़क के किनारे से उतर गई। इससे गाड़ी में सवार मनियाड़ा निवासी 18 वर्षीय सौरव पुत्र ओम प्रकाश, तप्पा निवासी 18 वर्षीय रितिक पुत्र शिव कुमार और पाहड़ा निवासी 18 वर्षीय प्रिंस पुत्र ओमप्रकाश घायल हो गए। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा लाया गया, जहां पर आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात सीएचसी खैरा के प्रभारी डॉ अतुल शर्मा, स्टाफ नर्स शिखा जम्वाल व सहयोगी स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को उपमंडल चिकित्सालय पालमपुर रेफर कर दिया। पंचरुखी थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने टीम सहित मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज होने होने की पुष्टि की है।