लंबागांव (कांगड़ा)। पुलिस थाना लंबागांव में बुधवार रात को मारपीट का मामला दर्ज हुआ है। यह मारपीट एक शादी समारोह में हुई है। शादी समारोह में चार लोगों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार लंबागांव की पंचायत करणघट में बुधवार रात को शादी समारोह का कार्यक्रम चला हुआ था। गांव के कुछ युवक अपने ही गांव के सुशील पठानिया से उलझ पड़े। पहले हाथापाई हुई और बाद में यह मारपीट में बदल गई। युवकों ने सुशील को मारपीट कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया है। घायल युवक को आसपास के लोग जयसिंहपुर के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर युवक का उपचार किया गया। अस्पताल से पुलिस को रात को सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और सुशील पठानिया के बयान लिए। उधर, एएसआई नंदलाल ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित के बयान के बाद अर्जुन सिंह, अमन पठानिया, सुमन और सरवेश पठानिया के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।