इंदौरा (कांगड़ा)। ग्राम पंचायत इंदपुर में शुक्रवार रात को अपनी फसल की रखवाली के लिए गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक मंगल सिंह (36) पुत्र मुंशी राम गांव इंदपुर का रहने वाला था। किसान की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे इंदौरा के अतिरिक्त थाना प्रभारी एमएस राणा और विपिन शर्मा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांववासियों ने बताया कि मंगल सिंह नियमित तौर पर अपने खेतों में फसल की रखवाली के लिए जाता था। पंचायत प्रधान सोम राज, उपप्रधान अजय गुलेरिया तथा पूर्व पार्षद तिलक राज ने सरकार से पीड़ित परिवार को उचित राहत राशि देने की मांग की है। उधर, एसपी कांगड़ा डॉ. रमेश छाजटा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।