अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा/डमटाल(कांगड़ा)। मंड इंदौरा क्षेत्र के पूर्ण चंद के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। इस कारण पीड़ित परिवार और क्षेत्रवासियों में पुलिस-प्रशासन के प्रति रोष है। शुक्रवार को पीड़ित के पैतृक गांव मंड इंदौरा में ग्रामीणों और महिला मंडल सदस्यों ने बैठक की और प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन के ढुलमुल रवैये के विरोध में जमकर भड़ास निकाली। पीड़ित पूर्ण चंद की पत्नी सुनीता देवी और माता सीता देवी ने बताया कि 30 जनवरी को खनन माफिया के गुंडे उनके परिवार के मुखिया पूर्ण चंद को अगवा कर अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर चुहड़पुर के एक स्टोन क्रशर के परिसर पर ले गए और वहां पर लाठी-डंडों, लोहे की राड और बेसबॉल के वैट से अधमरा कर फेंक दिया। उस दिन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। इसके बावजूद इंदौरा थाना में मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक दोषियों को नहीं पकड़ पाई है। पीड़ित के परिवार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके परिवार को इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है और पंजाब के थाना में उनके परिवार वालों के खिलाफ दर्ज किए गए झूठे मामले खारिज करने की अपील की है। साथ ही घायल पूर्ण चंद के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की गुहार लगाई है। इस मौके पर माता सीता देवी, सुमन कुमारी, आशा रानी, जगदीप सिंह, स्वर्ण सिंह, चौधरी हेम राज, मलकीत सिंह, वरिंदर कुमार, टेक चंद, भगवान दास इत्यादि मौजूद रहे।