अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पर्यटन नगरी धर्मशाला के 90 अवैध होटलों के पानी और बिजली के कनेक्शन काटे गए। इन अवैध होटलों का बिजली और पानी के कनेक्शन काटने का अभियान पर्यटन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चलाया। इसमें बिजली बोर्ड, आईपीएच, नगर निगम धर्मशाला के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इससे पहले भी धर्मशाला में पिछले सप्ताह हाईकोर्ट के आदेशों पर अवैध होटलों पर कार्रवाई अमल में लाई गई है। दूसरे चरण में जिन अवैध होटलों की बिजली-पानी बंद के आदेश हाईकोर्ट ने दिए थे। उन में से 26 होटल पर्यटन विभाग ने पंजीकरण ही नहीं करवाया था। वहां, बिना पंजीकरण में अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा था। इसके अलावा अन्य होटलों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानक का पालन नहीं किया जा रहा था तो कई होटलों ने नगर निगम धर्मशाला से एनओसी तक नहीं ली थी। जिसके चलते उपरोक्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। उधर, जिला पर्यटन अधिकारी सुनयना कुमारी ने कहा कि हाईकोर्ट ने जिन अवैध होटलों पर कार्रवाई करने की सूची जारी की थी। उन होटलों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटे गए हैं।