कार-बाइक की टक्कर में महिला की मौत, पति गंभीर घायल
जसूर-तलवाड़ा सड़क पर ननुह में पेश आया दर्दनाक हादसा
कार चालक भी घायल, फतेहपुर अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
रैहन (कांगड़ा)। पुलिस चौकी रैहन के तहत जसूर-तलवाड़ा सड़क पर ननुह गांव में बाइक और कार की टक्कर में एक महिला की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कार नंबर जेएच 09 ए 8545 और बाइक नंबर एचपी 38 डी 0977 में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सरिता देवी और चालक हरबंस सिंह पुत्र ज्ञान चंद निवासी थोडा बलून नूरपुर गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए फतेहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए घायलों को टांडा अस्पताल रेफर कर दिया है, लेकिन महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार पति-पत्नी तलवाड़ा से जसूर की तरफ अपने घर थोड़ा बलून को जा रहे थे। हादसे में कार चालक को भी चोटें आई हैं और उसे फतेहपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने कहा कि कार चालक मिंटू कुमार पुत्र प्रयाग राम निवासी झारखंड के खिलाफ मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।